SAIL का मुनाफा 315% बढ़ा, दूसरी तिमाही में PAT 1,774 करोड़ रुपये

0
Steel Authority of India

Steel Authority of India

सार्वजनिक क्षेत्र की महारत्न कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2) और पहली छमाही (H1) के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। 30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही में कंपनी का कर-पश्चात लाभ (PAT) पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले करीब 315 प्रतिशत बढ़कर 1,774 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने इस बेहतर प्रदर्शन की वजह बिक्री में बढ़ोतरी और लागत घटाने के प्रयासों को बताया है।

SAIL के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में उसकी बिक्री पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 5 प्रतिशत बढ़ी। खुदरा और अन्य ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाने से कंपनी को फायदा हुआ। वहीं, कर्ज घटाने की कोशिशों के चलते कंपनी का कुल कर्ज घटकर 20,583 करोड़ रुपये रह गया।

पहली छमाही में 3,410 करोड़ रुपये का मुनाफा

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में SAIL का कच्चे इस्पात का उत्पादन 9.61 मिलियन टन रहा, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 9.50 मिलियन टन था। इस दौरान बिक्री की मात्रा 9.46 मिलियन टन से घटकर 9.33 मिलियन टन रही।

हालांकि, कंपनी के कारोबार और मुनाफे में बढ़ोतरी दर्ज की गई। पहली छमाही में प्रचालन से राजस्व 52,625 करोड़ रुपये से बढ़कर 58,243 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, ब्याज, कर और मूल्यह्रास से पहले की कमाई (EBITDA) 5,754 करोड़ रुपये से बढ़कर 8,917 करोड़ रुपये पहुंच गई।

इसी अवधि में कर-पूर्व लाभ (PBT) 1,443 करोड़ रुपये से बढ़कर 4,515 करोड़ रुपये हो गया। कर-पश्चात लाभ (PAT) भी 1,112 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,410 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

दूसरी तिमाही में कारोबार और मुनाफे में बढ़ोतरी

दूसरी तिमाही में कंपनी का कच्चे इस्पात का उत्पादन पिछले साल की समान तिमाही के 4.65 मिलियन टन से बढ़कर 4.85 मिलियन टन हो गया।

बिक्री की मात्रा के मामले में कंपनी ने तिमाही-दर-तिमाही बेहतर प्रदर्शन किया। दूसरी तिमाही में विक्रय मात्रा 5.16 मिलियन टन रही, जबकि पहली तिमाही में यह 4.16 मिलियन टन थी। हालांकि, पिछले साल की दूसरी तिमाही के 4.91 मिलियन टन के मुकाबले इसमें बढ़ोतरी दर्ज की गई।

कंपनी का प्रचालन से राजस्व 26,704 करोड़ रुपये से बढ़कर 31,998 करोड़ रुपये हो गया। EBITDA भी 2,829 करोड़ रुपये से बढ़कर 4,561 करोड़ रुपये पहुंच गई।

वहीं, कर-पूर्व लाभ (PBT) 553 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,356 करोड़ रुपये रहा। कर-पश्चात लाभ (PAT) में सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो पिछले साल की समान तिमाही के 427 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,774 करोड़ रुपये हो गया।

CMD बोले- कंपनी की प्रचालन क्षमता और वित्तीय अनुशासन का नतीजा

SAIL के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) डॉ. ए.के. पंडा ने कहा कि वैश्विक बाजार में अस्थिरता के बावजूद वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही में कंपनी का प्रदर्शन उसकी मजबूत प्रचालन क्षमता, वित्तीय अनुशासन और रणनीतिक सजगता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि भारत में बुनियादी ढांचे के विकास और घरेलू स्टील की बढ़ती मांग का लाभ उठाते हुए कंपनी ने उत्पादन बढ़ाने, कच्चे माल का बेहतर इस्तेमाल करने और स्टील इन्वेंट्री घटाने पर ध्यान दिया। इसके चलते दूसरी तिमाही में विक्रय मात्रा में पहली तिमाही के मुकाबले 24 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

डॉ. पंडा के मुताबिक, लौह अयस्क के उत्पादन और बिक्री में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

लागत घटाने और बेहतर उत्पादों पर रहेगा जोर

CMD ने कहा कि आगे भी कंपनी का ध्यान तकनीकी और आर्थिक प्रदर्शन बेहतर करने, लागत को तर्कसंगत बनाने और इन्वेंट्री पर नियंत्रण बनाए रखने पर रहेगा।

इसके साथ ही मुनाफा बढ़ाने के लिए हाई-एंड यानी उच्च गुणवत्ता और बेहतर मूल्य वाले स्टील उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। कंपनी की रणनीति उत्पादन और बिक्री के साथ-साथ वित्तीय प्रदर्शन को और मजबूत करने की है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *