दीपावली में पटाखे छोड़ने की प्रथा कब शुरू हुई?
दिवाली पर आतिशबाजी का सबसे पुराना लिखित जिक्र 1400 के बाद का है। 18वीं सदी में यह रिवाज साफ दिखता है और आम घरों तक आजादी के बाद पहुंचा।
दीपोत्सव की शुरुआत ही अयोध्या से हुई है। तस्वीर भगवान रामलला के मंदिर की है।
दिवाली का त्योहार सदियों से मनाया जा रहा है, लेकिन क्या इस पर्व पर पटाखे जलाने की परंपरा भी उतनी ही पुरानी है? इतिहासकारों के मुताबिक, दिवाली की शुरुआत दीये जलाने से हुई थी। आतिशबाजी का चलन काफी बाद में शुरू हुआ। इसके पीछे चीन से भारत तक बारूद पहुंचने और राजघरानों में आतिशबाजी के प्रदर्शन की एक लंबी कहानी है।
इतिहासकार पीके गोडे ने 1953 में प्रकाशित अपने शोध में भारत में आतिशबाजी के लिखित प्रमाण करीब 1400 ईस्वी के आसपास से बताए हैं। इन प्रमाणों में विजयनगर, गुजरात, ओडिशा और महाराष्ट्र के राजदरबारों, शादियों और उत्सवों में आतिशबाजी किए जाने का उल्लेख मिलता है। दिवाली पर पटाखे चलाने के शुरुआती लिखित प्रमाण भी इसी दौर के बाद सामने आते हैं।
दिवाली को कम से कम 2,500 साल पुराना त्योहार माना जाता है, जबकि बारूद का आविष्कार चीन में नौवीं सदी के आसपास हुआ था। यही वजह है कि इतिहासकारों का मानना है कि दिवाली की मूल परंपरा दीप जलाने की थी और आतिशबाजी इससे काफी बाद में जुड़ी।
पहले दीये जलते थे, फिर आतिशबाजी ने बनाई जगह
पीके गोडे के शोध के मुताबिक, 1443 में फारस के राजदूत अब्दुर रज्जाक ने विजयनगर साम्राज्य के महानवमी उत्सव में आतिशबाजी का जिक्र किया था। कश्मीर के सुल्तान जैनुल आबिदीन (1421-1472) के बारे में भी बताया गया है कि उन्होंने आतिशबाजी बनाने की विधियों पर एक किताब लिखी थी।
इसके बाद 1518 में पुर्तगाली यात्री बारबोसा ने गुजरात में एक ब्राह्मण की शादी का वर्णन करते हुए वहां बम और रॉकेट चलाए जाने की बात लिखी। इससे पता चलता है कि 15वीं और 16वीं सदी तक भारत के अलग-अलग हिस्सों में आतिशबाजी का इस्तेमाल उत्सवों और शादियों में होने लगा था।
ओडिशा के राजा गजपति प्रतापरुद्रदेव (1497-1539) की संस्कृत पुस्तक ‘कौतुकचिंतामणि’ में भी आतिशबाजी बनाने के तरीके और नुस्खे मिलते हैं। पीके गोडे का अनुमान था कि चीन में विकसित आतिशबाजी के नुस्खे करीब 1400 ईस्वी के आसपास भारत पहुंचे और यहां उपलब्ध सामग्री के हिसाब से उनमें बदलाव किए गए।
दिवाली पर आतिशबाजी का पहला लिखित जिक्र कब मिला?
दिवाली पर आतिशबाजी का उल्लेख ‘आकाशभैरव कल्प’ नाम के ग्रंथ में मिलता है। इसमें दिवाली उत्सव के दौरान राजा को रात होते ही आतिशबाजी देखने की सलाह दी गई है। इतिहासकार पीके गोडे इस ग्रंथ को 1400 ईस्वी के बाद का मानते हैं।
हालांकि, उस समय आतिशबाजी आम लोगों के मनोरंजन का साधन नहीं थी। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से राजदरबारों, शाही समारोहों और अमीर परिवारों के उत्सवों में किया जाता था।
पेशवा काल में दिवाली पर होती थी भव्य आतिशबाजी
18वीं सदी तक दिवाली पर आतिशबाजी का चलन और स्पष्ट होने लगा था। पेशवा काल के एक ऐतिहासिक विवरण के मुताबिक, महादजी सिंधिया ने पेशवा सवाई माधवराव को बताया था कि कोटा के राजा दिवाली के मौके पर चार दिनों तक आतिशबाजी करवाते हैं।
इस प्रदर्शन को ‘लंका की आतिशबाजी’ कहा जाता था। इसमें बारूद की मदद से रावण, राक्षसों और हनुमान जैसी आकृतियां बनाई जाती थीं।
बताया जाता है कि पेशवा के कहने पर महादजी सिंधिया ने पुणे में पर्वती पहाड़ी के नीचे इसी तरह का आतिशबाजी प्रदर्शन करवाया था। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
इसके अलावा, 1820 के एक ऐतिहासिक विवरण में भी दिवाली के दौरान रोशनी, भोज और आतिशबाजी का जिक्र मिलता है।
क्या प्राचीन ग्रंथों में भी पटाखों का जिक्र है?
दिवाली और आतिशबाजी के इतिहास को लेकर प्राचीन ग्रंथों की व्याख्या पर अलग-अलग मत हैं। स्कंद पुराण में पितरों को रास्ता दिखाने के लिए हाथ में जलती हुई मशाल लेकर चलने की परंपरा का उल्लेख मिलता है। इसे ‘उल्कादान’ कहा गया है।
कुछ विद्वान इसे दिवाली पर रोशनी करने की प्राचीन परंपरा से जोड़ते हैं। हालांकि, मशाल और दीपक जलाने का उल्लेख बारूद से बने पटाखों का प्रमाण नहीं माना जा सकता।
इसी आधार पर इतिहासकारों का मानना है कि दीप जलाने की परंपरा प्राचीन है, जबकि बारूद से आतिशबाजी करने का चलन भारत में बाद में विकसित हुआ।
आजादी के बाद आम लोगों तक पहुंचे पटाखे
लंबे समय तक पटाखे राजघरानों और अमीर परिवारों तक ही सीमित रहे। आम लोगों के बीच इनका इस्तेमाल तेजी से आजादी के बाद बढ़ा। इसमें तमिलनाडु के शिवकाशी की पटाखा इंडस्ट्री की बड़ी भूमिका रही।
शिवकाशी में पटाखा उद्योग की शुरुआत से जुड़ा इतिहास 1920 के दशक का है। पी. अय्या नादर और ए. शनमुगा नादर 1922 में माचिस बनाने की तकनीक सीखने के लिए कलकत्ता गए थे। वहां से लौटने के बाद उन्होंने 1923 में शिवकाशी में माचिस बनाने की पहली इकाई स्थापित की।
धीरे-धीरे यहां आतिशबाजी और पटाखों का उत्पादन भी बढ़ने लगा। 1940 में लागू विस्फोटक नियमों के तहत पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के लिए लाइसेंस की व्यवस्था की गई। इससे देश में संगठित पटाखा उद्योग को बढ़ावा मिला।
आज तमिलनाडु का शिवकाशी देश के पटाखा उद्योग का सबसे बड़ा केंद्र है। यहां की करीब 1,070 छोटी-बड़ी इकाइयां देश के कुल पटाखा उत्पादन का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा तैयार करती हैं।
कुल मिलाकर, दिवाली पर दीये जलाने की परंपरा आतिशबाजी से कहीं पुरानी है। इतिहास में पटाखों के शुरुआती प्रमाण 15वीं सदी के आसपास मिलते हैं, जबकि आम लोगों के बीच दिवाली पर पटाखे चलाने का चलन मुख्य रूप से आजादी के बाद तेजी से लोकप्रिय हुआ।