‘पायर’ के शोज कम हो रहे, विनोद कापड़ी ने कहा- यह नाइंसाफी क्यों?
दर्शकों की तालियों के बीच अचानक सिनेमाघरों से हटाई गई फिल्म; निर्देशक ने लगाया बड़ी फिल्मों के दबाव का आरोप।
पायर फिल्म का एक सीन। फिल्म के निर्देशक विनोद कापड़ी हैं।
सिनेमा के पर्दे पर जब एक बुजुर्ग दंपति का सजल जीवन और उनका मौन संघर्ष उतरता है, तो वह केवल एक कहानी नहीं रह जाती, बल्कि संवेदनाओं का आईना बन जाती है। कई इंटरनेशन अवार्ड जीत चुके निर्देशक विनोद कापड़ी की हालिया चर्चित फिल्म ‘पायर’ (Pyre) ने जब दर्शकों के दिलों को छुआ, तो उम्मीद जगी थी कि सच्चा सिनेमा अपनी जगह खुद बना लेगा। लेकिन सिनेमाई कारोबार के बेरहम समीकरणों ने इस उम्मीद पर गहरा आघात किया है।
फिल्म के निर्देशक और निर्माता विनोद कापड़ी ने एक भावुक वीडियो संदेश साझा करते हुए सिनेमाघरों से ‘पायर’ के शोज अचानक हटाए जाने पर गहरा दर्द और आक्रोश जताया है।
सराहना के बावजूद 75% शोज गायब
कापड़ी ने साझा किया कि ‘पायर’ को बेहद सीमित स्तर पर, महज 80 के करीब शोज के साथ रिलीज किया गया था। लेकिन दर्शकों के बेशुमार प्यार और सकारात्मक प्रतिक्रिया (माउथ पब्लिसिटी) की बदौलत तीन से चार दिनों के भीतर ही यह आंकड़ा 400 के पार पहुंच गया। हॉल में लोग आ रहे थे, फिल्म देखकर भावुक हो रहे थे, लेकिन अचानक पिछले दो दिनों में देश भर के सिनेमाघरों से इसके 75 फीसदी शोज काट दिए गए। अब पूरे देश में यह फिल्म बमुश्किल 100 शोज के सहारे सांसें गिन रही है।
“बड़ी फिल्म के दबाव में खाली हॉल चलाना मंजूर, पर छोटी फिल्म नहीं”
जब कापड़ी ने थिएटर मालिकों और वितरकों से इसकी वजह जाननी चाही, तो जो जवाब मिला उसने भारतीय सिनेमा वितरण व्यवस्था के कड़वे सच को उजागर कर दिया। उन्हें बताया गया कि ऊपर से सिर्फ एक ही बड़ी फिल्म को चलाने का भारी दबाव है। निर्देश यहां तक हैं कि भले ही हॉल खाली क्यों न जाएं, लेकिन दूसरी कोई फिल्म पर्दे पर नहीं चलनी चाहिए।
इस एकाधिकारवादी रवैये पर सवाल उठाते हुए कापड़ी ने कहा कि किसी छोटी, संवेदनशील फिल्म की सांसें घोंटकर अपनी फिल्म चलाना कतई जायज नहीं ठहराया जा सकता।
आत्मा बनाम अंधाधुंध बजट
विनोद कापड़ी ने बेहद संजीदगी से कहा कि यह फिल्म 2 से 2.5 करोड़ रुपये के बेहद सीमित बजट में, सुदूर गांवों के आम बुजुर्गों (गैर-पेशेवर कलाकारों) को लेकर गढ़ी गई है। उन्होंने कहा, “अगर बड़े फिल्मकारों ने करोड़ों रुपये लगाए हैं, तो हमने भी अपनी पूरी आत्मा और लगन झोंककर यह फिल्म बनाई है।”
उन्होंने थिएटर मालिकों, वितरकों और सिनेमा प्रेमियों से अपील की कि ‘पायर’ और उसके मासूम किरदारों के साथ यह ज्यादती रोकी जाए। भारतीय सिनेमा में विविधता तभी जिंदा रह सकती है जब हर सच्ची कहानी को दर्शकों तक पहुंचने का एक निष्पक्ष और बराबर मौका मिले।