शिवराज सिंह चौहान की मां काशी बाई का निधन

0

शिवराज सिंह चौहान की मां का निधन, जैत में हुआ अंतिम संस्कार; स्मृति में किया पौधारोपण।

काशी बाई और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान।

काशी बाई और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी श्रीमती काशी बाई जी का शुक्रवार सुबह भोपाल में निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं और एम्स भोपाल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक है।

श्रीमती काशी बाई जी का अंतिम संस्कार मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में स्थित उनके पैतृक गांव जैत में वैदिक परंपराओं के अनुसार किया गया। इससे पहले भोपाल के साकेत नगर स्थित आवास पर उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। इस दौरान विभिन्न वर्गों के लोगों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अंतिम संस्कार के बाद शिवराज सिंह चौहान ने अपनी मां की स्मृति में जैत में पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मां का स्नेह और ममता जीवनभर शीतल छाया की तरह साथ रहती है। उन्होंने प्रार्थना की कि मां का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और लगाए गए पौधे बड़े होकर पक्षियों, कीट-पतंगों और अन्य जीव-जंतुओं को आश्रय दें। उन्होंने कहा कि इन पेड़ों के साथ मां की स्मृतियां भी हमेशा हरी-भरी रहेंगी।

अंतिम संस्कार में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण व गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने दिवंगत काशी बाई जी को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शिवराज सिंह चौहान को पत्र भेजकर उनकी माताजी के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि मां का स्नेह जीवन की सबसे बड़ी शक्ति और उनका आशीर्वाद सबसे अनमोल धरोहर होता है। प्रधानमंत्री ने लिखा कि मां का बिछड़ना हृदय में ऐसी रिक्तता छोड़ जाता है, जिसे कोई भर नहीं सकता। उन्होंने शोक की इस घड़ी में चौहान और उनके परिवार को धैर्य व संबल मिलने की कामना की।

देशभर के कई नेताओं, केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी शोक संदेश भेजकर श्रीमती काशी बाई जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *