कोलकाता: चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़, 17 लोगों की मौत
कोलकाता के चोरबागान सार्वजनीन पूजा पंडाल में शनिवार को भगदड़ मची। कम से कम 17 लोगों की मौत की आशंका है और कई घायल अस्पताल में हैं।
पश्चिम बंगाल के दुर्गा पंडाल में भगदड़
कोलकाता के चोरबागान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार को मची भगदड़ में कम से कम 17 लोगों की मौत की आशंका है। पुलिस के मुताबिक कई और लोग घायल हुए हैं, जिनका कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
भगदड़ के तुरंत बाद पुलिस ने चोरबागान सार्वजनीन पूजा पंडाल में लोगों का प्रवेश रोक दिया। कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पश्चिम बंगाल सरकार ने इस हादसे से जुड़ी जानकारी के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू की है।https://x.com/MamataOfficial/status/2111487294129737792
कई बड़े पंडाल बंद
एहतियात के तौर पर पुलिस ने सुरुचि संघ, चेतला अग्रणी और कई दूसरे बड़े पूजा पंडालों को भी दर्शकों के लिए बंद कर दिया है।
सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
सूचना एवं संस्कृति विभाग ने बताया कि राज्य सरकार ने भगदड़ से जुड़ी जानकारी के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18003455678 जारी किया है।
अस्पताल से आ रहे विजुअल्स में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और हालात का जायजा ले रहे हैं।
नेताओं की प्रतिक्रिया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने X पर शोक जताया। उन्होंने बताया कि इस मामले पर उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से बात की है। शाह ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति की प्रार्थना की और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने X पर लिखा कि वे चोरबागान पूजा पंडाल की भगदड़ के बारे में जानकर बेहद स्तब्ध और दुखी हैं। उन्होंने मां दुर्गा से घायलों के जल्द ठीक होने और उनके परिवारों को इस मुश्किल समय में हिम्मत मिलने की प्रार्थना की।
CPI(M) की केंद्रीय समिति के सदस्य सुजन चक्रवर्ती ने इसे बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक घटना बताया। उन्होंने कहा कि बंगाल ने दुर्गा पूजा के दौरान ऐसी घटना पहले कभी नहीं देखी। उनके मुताबिक इस घटना की जिम्मेदारी प्रशासन और राज्य सरकार को लेनी होगी।
पंडाल की थीम अरोब
इस साल चोरबागान सार्वजनीन पंडाल अपनी थीम के कारण खास चर्चा में रहा है। इसकी थीम का नाम अरोब है, जिसका अंग्रेजी में मतलब बियॉन्ड साउंड यानी ध्वनि से परे है।